महापौर विकास शर्मा से मिले सीए एसोसिएशन के प्रतिनिधि, ICAI भवन के लिए भूमि आवंटन की मांग

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। भारतीय सनदी लेखाकार संस्थान (आईसीएआई) की हल्द्वानी शाखा के लिए स्थायी भवन निर्माण की मांग को लेकर सीए एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने रुद्रपुर महापौर विकास शर्मा से मुलाकात कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने रुद्रपुर और हल्द्वानी के मध्य लगभग 10 हजार वर्ग फीट भूमि आवंटित करने का अनुरोध किया, ताकि कुमाऊं क्षेत्र में आईसीएआई का अत्याधुनिक संस्थागत भवन स्थापित किया जा सके।

ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान में आईसीएआई की हल्द्वानी शाखा किराये के भवन से संचालित हो रही है, जिससे शाखा की बढ़ती गतिविधियों, सदस्यों और विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में लंबे समय से स्थायी भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि आईसीएआई देश की एक प्रतिष्ठित वैधानिक संस्था है, जिसकी स्थापना चार्टर्ड अकाउंटेंट अधिनियम 1949 के तहत की गई थी। संस्था लेखांकन, कराधान, वित्तीय प्रबंधन, लेखा परीक्षा और कॉर्पोरेट गवर्नेंस जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। देशभर में इसकी 186 शाखाएं कार्यरत हैं, जहां विद्यार्थियों और पेशेवरों के लिए प्रशिक्षण, सेमिनार, कार्यशालाएं और कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि उत्तराखंड, विशेष रूप से कुमाऊं क्षेत्र के युवा चार्टर्ड अकाउंटेंसी और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की ओर तेजी से आकर्षित हो रहे हैं। लेकिन आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं के अभाव में कई विद्यार्थियों को राज्य से बाहर जाना पड़ता है। प्रस्तावित भवन बनने से स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही उच्च स्तरीय शिक्षा, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध हो सकेगा।

See also  माता की चौकी में भजनों पर झूमे श्रद्धालु – महापौर विकास शर्मा को किया गया सम्मानित। ..

प्रस्तावित आईसीएआई भवन में प्रशिक्षण कक्ष, सेमिनार हॉल, पुस्तकालय, डिजिटल लर्निंग सेंटर, अध्ययन कक्ष, प्रोफेशनल डेवलपमेंट सेंटर और उद्योग जगत के लिए परामर्श सुविधाएं विकसित किए जाने का प्रस्ताव है। संस्था का मानना है कि यह केंद्र कौशल विकास, स्वरोजगार, स्टार्टअप संस्कृति और ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सीए एसोसिएशन ने ज्ञापन में यह भी कहा कि परियोजना राज्य में वित्तीय जागरूकता, कर अनुपालन, कॉर्पोरेट गवर्नेंस और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को मजबूत करने में सहायक होगी। संस्था ने स्पष्ट किया कि भूमि का मूल्य शासन की निर्धारित प्रक्रिया और नियमों के अनुसार भुगतान करने के लिए आईसीएआई पूरी तरह तैयार है।

महापौर विकास शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांग को प्राथमिकता के आधार पर मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा तथा इस दिशा में सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर सीए मोहित देव, सीए चेतन खुराना, सीए अंकित प्रताप सिंह, सीए अभिषेक बठला, सीए मोहित गंभीर, सीए पारस सुराना, सीए विजेंद्र माहेश्वरी सहित कई चार्टर्ड अकाउंटेंट उपस्थित रहे।