नैनीताल जिले के रामनगर के खताड़ी क्षेत्र में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक अधेड़ व्यक्ति का शव उसके घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव कई घंटे पुराना होने के कारण उससे दुर्गंध आ रही थी। मृतक के चेहरे और हाथ झुलसे हुए पाए गए, जिससे मामले ने और रहस्यमय रूप ले लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, खताड़ी स्थित नॉर्मल स्कूल के समीप रहने वाले करीब 65 वर्षीय मोबिन कुरैशी ई-रिक्शा चलाकर अपना जीवनयापन करते थे। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी इन दिनों मायके गई हुई थी। शनिवार रात मोबिन रोजाना की तरह ई-रिक्शा लेकर घर पहुंचे और वाहन को घर के बाहर खड़ा कर चार्जिंग पर लगा दिया।
रविवार सुबह काफी देर तक जब वह घर से बाहर नहीं निकले और ई-रिक्शा भी वहीं खड़ी रही, तो पड़ोसियों को चिंता हुई। घर के भीतर जाकर देखने पर मोबिन कुरैशी का शव कमरे में पलंग पर पड़ा मिला। शव से तेज दुर्गंध आ रही थी और चेहरे व हाथ झुलसे हुए दिखाई दे रहे थे।
शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर कोतवाल सुशील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घर में रहने वाले अन्य परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
प्रारंभिक जानकारी में परिजनों ने बताया कि मोबिन कुरैशी लंबे समय से बीमार थे और पैरालिसिस की समस्या से जूझ रहे थे, जिनका उपचार भी चल रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
