महापौर विकास शर्मा की पहल रंग लाई, रुद्रपुर के युवाओं को जल्द मिलेगी 50 कंप्यूटरों वाली आधुनिक आईटी लैब

रुद्रपुर के युवाओं के लिए बड़ी सौगात: ई-लाइब्रेरी में बनेगी 50 कंप्यूटरों से सुसज्जित आधुनिक आईटी लैब, महापौर विकास शर्मा की पहल को मिली गति

रुद्रपुर। शहर के युवाओं को डिजिटल शिक्षा और तकनीकी कौशल से जोड़ने की दिशा में रुद्रपुर जल्द ही एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकता है। नगर निगम की ई-लाइब्रेरी में अत्याधुनिक आईटी एवं डिजिटल साक्षरता लैब स्थापित करने की पहल को अब गति मिल गई है। यह पहल महापौर विकास शर्मा के प्रयासों से आगे बढ़ी है, जिसे जिले के प्रभारी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा ने सकारात्मक सहमति देते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।

मंगलवार को रुद्रपुर दौरे के दौरान महापौर विकास शर्मा ने प्रभारी मंत्री को विस्तृत प्रस्ताव सौंपा। प्रस्ताव का अवलोकन करने के बाद मंत्री ने इसे जनहित और युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इससे परियोजना के शीघ्र स्वीकृत होने की उम्मीद बढ़ गई है।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि रुद्रपुर एक तेजी से विकसित हो रहा औद्योगिक शहर है, जहां बड़ी संख्या में युवा तकनीकी शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के कई छात्र कंप्यूटर और हाई-स्पीड इंटरनेट जैसी सुविधाओं के अभाव में आधुनिक तकनीकी शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में नगर निगम की ई-लाइब्रेरी में डिजिटल साक्षरता लैब की स्थापना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।

प्रस्तावित लैब में 50 आधुनिक कंप्यूटर, हाई-स्पीड इंटरनेट, आधुनिक फर्नीचर, सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी प्रशिक्षक तथा अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। यहां छात्र-छात्राओं को कंप्यूटर शिक्षा, डिजिटल साक्षरता, ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, ई-लर्निंग और रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ मिलेगा।

महापौर विकास शर्मा की पहल रंग लाई, रुद्रपुर के युवाओं को जल्द मिलेगी 50 कंप्यूटरों वाली आधुनिक आईटी लैब

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह परियोजना केंद्र सरकार के डिजिटल इंडिया और स्किल इंडिया जैसे अभियानों को स्थानीय स्तर पर मजबूती प्रदान करेगी। इससे युवाओं का कौशल विकास होगा और रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा ने इस पहल को भविष्य उन्मुख बताते हुए कहा कि युवाओं को आधुनिक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को परियोजना पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

महापौर विकास शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रस्ताव को जल्द स्वीकृति मिलने के बाद रुद्रपुर के छात्र-छात्राओं को महानगरों जैसी डिजिटल सुविधाएं अपने शहर में ही उपलब्ध होंगी। इससे उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं, तकनीकी शिक्षा और रोजगारपरक प्रशिक्षण में बड़ी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना रुद्रपुर के डिजिटल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगी और आने वाले समय में हजारों युवाओं को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।