उत्तराखंड की राजनीति में कभी-कभी छोटे से प्रतीक बड़े सियासी संदेश दे जाते हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को अपने खेतों का चावल भेंट करना भी ऐसा ही एक सधा हुआ प्रतीक बनकर उभरा है। यह सिर्फ औपचारिक भेंट नहीं, बल्कि राजनीति की थाली में परोसा गया एक ऐसा संदेश है, जिसकी खुशबू सत्ता और विपक्ष—दोनों खेमों में फैलती दिख रही है,…
राजनीति के “पुराने चावल” को सम्मान देकर “नए चावल” ने यह जता दिया कि सियासत का असली स्वाद अनुभव के बिना अधूरा रहता है। चुनाव भले अभी दूर हों, लेकिन चावल के ये दाने साफ बता रहे हैं कि 2027 की रसोई अभी से सजने लगी है। संकेत साफ हैं—खेल की शुरुआत हो चुकी है और चालें पूरी नाप-तौल के साथ चली जा रही हैं,…
भाजपा के भीतर गुटबाजी की आँच भले ही धीमी आंच पर सुलग रही हो, लेकिन मुख्यमंत्री धामी ने अपने इस कदम से यह स्पष्ट कर दिया कि वे टकराव की नहीं, तड़के वाली राजनीति के खिलाड़ी हैं। पुराने चावल को उबालने के बजाय उसे सम्मान से परोसना, उनकी संतुलन साधने वाली रणनीति का ही हिस्सा माना जा रहा है,…
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के आवास पर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना और इस दौरान उन्हें अपने खेतों में उपजे चावल भेंट किए। यह मुलाकात सामान्य राजनीतिक शिष्टाचार से कहीं आगे मानी जा रही है, क्योंकि यह ऐसे वक्त हुई है जब 2027 का विधानसभा चुनाव धीरे-धीरे सियासी एजेंडे के केंद्र में आता जा रहा है,…
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मुख्यमंत्री धामी खुद को “सबको साथ लेकर चलने वाले नेता” के रूप में स्थापित करने में जुटे हैं। पार्टी के भीतर चल रही खींचतान और गुटबाजी की चर्चाओं के बीच यह मुलाकात साफ संकेत देती है कि धामी टकराव नहीं, बल्कि संतुलन, संवाद और सौम्य सियासत के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहते हैं,…
प्रदेश की राजनीति के “पुराने चावल” कहे जाने वाले हरीश रावत से इस तरह की आत्मीय भेंट को विपक्ष के प्रति सम्मान और राजनीतिक परिपक्वता के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है। चावल का यह उपहार जहां सादगी, किसान संस्कृति और मिट्टी से जुड़ाव को दर्शाता है, वहीं इसके पीछे छिपा संदेश भी उतना ही साफ है—अनुभव का सम्मान और भविष्य की तैयारी,…
