रुद्रप्रयाग में ऑरेंज अलर्ट: खराब मौसम के चलते यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही रोकी गई
रुद्रप्रयाग। मौसम विभाग द्वारा जनपद रुद्रप्रयाग में भारी वर्षा, आंधी-तूफान और प्रतिकूल मौसम की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए केदारनाथ यात्रा मार्ग पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि संभावित आपदा की स्थिति को देखते हुए यात्रा मार्ग पर संचालित सभी श्रद्धालुओं को तत्काल प्रभाव से निकटतम होल्डिंग स्थलों एवं सुरक्षित स्थानों पर रोके जाने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से सोनप्रयाग, गौरीकुंड और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में तैनात अधिकारियों को मौसम सामान्य होने तक यात्रियों की आवाजाही नियंत्रित रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
जिलाधिकारी स्वयं मौसम की स्थिति और यात्रा मार्गों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहकर सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन के अनुसार होल्डिंग स्थलों पर यात्रियों के ठहरने, भोजन, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। यात्रा मार्ग पर पुलिस, सेक्टर मजिस्ट्रेट, DDRF, SDRF, NDRF सहित अन्य विभागीय टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार के भूस्खलन, मार्ग अवरोध, दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को दी जाए, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों में कोई देरी न हो।
इस बीच उत्तराखंड मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश पर्वतीय जिलों तथा हरिद्वार और उधम सिंह नगर में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का भी पूर्वानुमान है। देहरादून, टिहरी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहें, प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
आपातकालीन सहायता के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर:
📞 8958757335
📞 8218326386
