नई दिल्ली/रुद्रा न्यूज़। मई का महीना समाप्त होने के साथ ही 1 जून 2026 से देशभर में कई महत्वपूर्ण वित्तीय और प्रशासनिक नियमों में बदलाव होने जा रहा है। इन बदलावों का सीधा असर आम लोगों के बजट, बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल पेमेंट और यात्रा योजनाओं पर पड़ सकता है। ऐसे में नए नियमों की जानकारी पहले से होना बेहद जरूरी है।

UPI भुगतान होगा और सुरक्षित
ऑनलाइन फ्रॉड को रोकने के लिए अब UPI से भुगतान करते समय सामने वाले व्यक्ति का वही नाम दिखाई देगा जो उसके बैंक खाते में दर्ज है। इससे फर्जी नामों के जरिए होने वाली धोखाधड़ी पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
LPG और CNG-PNG के नए रेट होंगे जारी
तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को गैस कीमतों की समीक्षा करती हैं। 1 जून को घरेलू और कमर्शियल LPG सिलेंडर के नए दाम घोषित किए जाएंगे। कमर्शियल गैस की कीमतों में बदलाव का असर व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ सकता है।
PAN कार्ड नियमों में बदलाव
आयकर विभाग ने PAN से जुड़े कुछ नियमों में संशोधन किया है। अब कुछ मामलों में PAN की अनिवार्यता कम की गई है, जबकि बड़े वित्तीय लेनदेन और रियल एस्टेट सौदों में इसकी जरूरत बनी रहेगी। PAN नहीं होने पर नया फॉर्म-97 भरना होगा।
ATM से पैसे निकालना पड़ सकता है महंगा
कई बैंक मुफ्त ट्रांजैक्शन सीमा पूरी होने के बाद अतिरिक्त शुल्क बढ़ा सकते हैं। निर्धारित सीमा से अधिक ATM उपयोग करने पर ग्राहकों को प्रति ट्रांजैक्शन अधिक शुल्क देना पड़ सकता है।
रेल यात्रियों को हो सकती है परेशानी
रेलवे के ट्रैक अपग्रेडेशन और रखरखाव कार्यों के चलते जून महीने में कई ट्रेनों को रद्द या डायवर्ट किया गया है। यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लेना चाहिए।
सोलर पैनल के लिए नए नियम लागू
1 जून से सरकारी योजनाओं और सब्सिडी वाले प्रोजेक्ट्स में केवल स्वीकृत ALMM सूची के सोलर मॉड्यूल का ही उपयोग किया जा सकेगा। इससे सोलर सेक्टर में गुणवत्ता और घरेलू निर्माण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
कुल मिलाकर 1 जून से लागू होने वाले ये बदलाव आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और खर्चों को प्रभावित कर सकते हैं। इसलिए समय रहते इन नियमों की जानकारी रखना जरूरी है।
