रुद्रपुर के काशीपुर रोड पर सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने एक कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक कार को कई मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के समय कार में महिला, बच्ची समेत पूरा परिवार सवार था। गनीमत रही कि सभी लोग सुरक्षित बच गए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक काफी तेज गति से आ रहा था और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसी दौरान उसने आगे चल रही कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। दुर्घटना के बाद परिवार के सदस्य काफी डरे हुए नजर आए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
पूरी घटना सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ट्रक किस तरह कार को टक्कर मारने के बाद कई मीटर तक घसीटता हुआ ले जाता है।
रुद्रपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह दानू ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा रही है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
