उत्तराखंड से राजस्थान पहुंचे अजेय कुमार, भाजपा ने सौंपी संगठन की बड़ी जिम्मेदारी

खबरें शेयर करें

राजस्थान भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए पार्टी आलाकमान ने उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार को राजस्थान का नया प्रदेश संगठन महामंत्री नियुक्त किया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी आधिकारिक पत्र में इस नियुक्ति की घोषणा की गई। राजनीतिक गलियारों में इस फैसले को भाजपा के दीर्घकालिक संगठनात्मक रोडमैप से जोड़कर देखा जा रहा है।

अजेय कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के रहने वाले हैं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के पूर्णकालिक प्रचारक रह चुके हैं। उन्होंने संघ और भाजपा संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। उत्तराखंड में उन्होंने श्रीनगर, हरिद्वार, ऊधमसिंहनगर और अल्मोड़ा जैसे क्षेत्रों में संघ के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा के संगठन महामंत्री के रूप में भी उनका लंबा अनुभव रहा है।

सितंबर 2019 में भाजपा नेतृत्व ने उन्हें उत्तराखंड भाजपा का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया था। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ पार्टी संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी कार्यशैली और संगठनात्मक क्षमता की पार्टी के भीतर लगातार सराहना होती रही है।

भाजपा में संगठन महामंत्री का पद बेहद प्रभावशाली माना जाता है। प्रदेश अध्यक्ष जहां संगठन का राजनीतिक चेहरा होते हैं, वहीं संगठन महामंत्री पार्टी की रणनीति, बूथ प्रबंधन, सदस्यता अभियान, कार्यकर्ता प्रशिक्षण और चुनावी तैयारियों की कमान संभालते हैं। यही वजह है कि इस पद को भाजपा संगठन की रीढ़ माना जाता है।

See also  धामी कैबिनेट में इन महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लगी मुहर..

राजस्थान में अजेय कुमार की नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब राज्य में आगामी निकाय और पंचायत चुनावों की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि संघ की पृष्ठभूमि, मजबूत संगठनात्मक अनुभव और जमीनी नेटवर्क पर पकड़ को देखते हुए अजेय कुमार राजस्थान भाजपा को नई दिशा और ऊर्जा दे सकते हैं।

वहीं अजेय कुमार के राजस्थान रवाना होने के बाद अब उत्तराखंड भाजपा में नए प्रदेश संगठन महामंत्री को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। पार्टी कार्यकर्ताओं और राजनीतिक गलियारों की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि भाजपा नेतृत्व उत्तराखंड में संगठन की कमान किसे सौंपता है।