रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चार नकाबपोश बदमाशों ने एक युवक पर तलवार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में युवक के बाएं हाथ की तीन उंगलियां गंभीर रूप से जख्मी हो गईं, जिनमें से एक उंगली पूरी तरह कट गई। वारदात के बाद आरोपी युवक की बाइक लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दोस्तों के साथ बैठा था युवक, तभी पहुंचे नकाबपोश
जानकारी के अनुसार ट्रांजिट कैंप के शिवनगर निवासी अरमान पुत्र बलकिशन अपने दोस्तों ऋषभ और अर्पित के साथ प्रीत विहार स्थित एएनझा इंटर कॉलेज मैदान में देर रात चाऊमीन खा रहा था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार चार नकाबपोश युवक वहां पहुंचे और बिना किसी कहासुनी के तीनों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मारपीट के दौरान एक बदमाश ने तलवार निकालकर अरमान पर हमला कर दिया।
सिर पर वार से बचने की कोशिश में कटी उंगली
घायल अरमान ने बताया कि हमलावर ने पहले उसके सिर पर वार करने की कोशिश की। अपनी जान बचाने के लिए उसने हाथ आगे कर दिया, जिससे तलवार सीधे उसके बाएं हाथ पर लगी। इस हमले में उसकी तीन उंगलियां गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गईं और एक उंगली पूरी तरह कट गई।
हमले के बाद बदमाश अरमान की बाइक लेकर फरार हो गए।
टुकटुक से अस्पताल पहुंचाया गया घायल
घटना के बाद अरमान के साथी अर्पित ने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस के पहुंचने में देरी होने पर घायल को टुकटुक के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार युवक के हाथ में गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है।
पुलिस जुटी जांच में, खंगाले जा रहे CCTV
सूचना मिलते ही रुद्रपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हमला किसी पुरानी रंजिश का नतीजा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
पुलिस का बयान
रुद्रपुर कोतवाली के एसएसआई खुशवंत सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पीड़ित और उसके साथियों से पूछताछ की जा रही है। सभी पहलुओं पर जांच जारी है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
सार्वजनिक स्थान पर हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
