SSP अजय गणपति के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई, स्मैक तस्करी गिरोह का भंडाफोड़

खबरें शेयर करें

ऊधमसिंह नगर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देशन में सितारगंज पुलिस ने नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए 2 महिलाओं समेत कुल 7 तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 51.97 ग्राम अवैध स्मैक, स्मैक की तस्करी में प्रयुक्त 2 वाहन, 7 मोबाइल फोन तथा स्मैक बिक्री से प्राप्त ₹8,310 नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने नशे के कारोबार से अर्जित धन से खरीदी गई सोने-चांदी की ज्वैलरी भी बरामद की है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कॉलेज के आसपास नशे का कारोबार संचालित कर रहे थे। इस गतिविधि से स्थानीय लोगों में लंबे समय से भारी रोष था और लगातार इसकी शिकायतें पुलिस तक पहुंच रही थीं। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने योजना बनाकर कार्रवाई की और पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह का नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ था और इनके संपर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तस्करों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

See also  नैनीताल विंटर कार्निवाल, ये सितारों से सजेगी महफिल