रुद्रपुर।
उत्तराखंड को अपराध मुक्त बनाने के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संकल्प को साकार करने की दिशा में ऊधम सिंह नगर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के कुशल निर्देशन में गदरपुर कोतवाली पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का सफल खुलासा करते हुए चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते क्षेत्र में फायरिंग कर दहशत का माहौल पैदा कर दिया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल विशेष पुलिस टीम का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध देशी पिस्टल, एक तमंचा, कई जिंदा कारतूस, दो स्कॉर्पियो वाहन तथा घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण सामान बरामद किए गए हैं। बरामदगी के बाद पुलिस ने सभी सामान को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार चारों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और उनके विरुद्ध जनपद के विभिन्न थानों में पहले से हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले, अवैध हथियार रखने वाले और आम जनता में भय का माहौल पैदा करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
ऊधम सिंह नगर पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
