एसएसपी अजय गणपति के सख्त निर्देशन में पुलभट्टा पुलिस को बड़ी सफलता, लूट व मोटरसाइकिल चोरी मामले का तीसरा आरोपी गिरफ्तार

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर अजय गणपति के सख्त निर्देशन में जनपद पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना पुलभट्टा पुलिस ने घर में बंधक बनाकर तमंचे के बल पर लूट एवं मोटरसाइकिल चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए मामले में वांछित तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में पूर्व में दो अभियुक्तों को लूट के माल और अवैध तमंचों के साथ गिरफ्तार किया जा चुका था। घटना में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश लगातार की जा रही थी। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल, लूटे गए जेवरात तथा नगदी बरामद की गई है। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना में शामिल कुल तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले के खुलासे में थाना पुलभट्टा पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
