मसूरी में होटल और हॉस्टल निर्माण के निवेश का झांसा देकर आरोपियों ने पीड़ित से 2 करोड़ से अधिक की रकम हड़प ली. पीड़ित ने इस मामले में थाना राजपुर और एसएसपी देहरादून को शिकायती पत्र दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने के बाद न्यायालय की शरण ली. जिसके बाद न्यायालय के आदेश पर थाना राजपुर में चार आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है,…

बता दें कि अर्जुनवाला कोल्हूखेत मसूरी निवासी दीपक कुमार ने अदालत में शिकायत दर्ज कराई है कि साल 2014 में उनकी पहचान गौरव किराड़ से हुई थी. गौरव को उनकी आर्थिक स्थिति और भूमि संबंधी जानकारी थी. उसके बाद पहले भूमि के लिए पीड़ित को उकसाया गया और फिर उस धनराशि को निवेश के नाम पर मसूरी में होटल और हॉस्टल खोलने का प्रस्ताव दिया गया और साझेदारी में लाभ आधा-आधा बांटने का भरोसा दिलाया गया. गौरव ने आयकर का हवाला देते हुए रकम अपने खाते के बजाय अपनी कंपनी और पत्नी समेत माता-पिता के खातों में ट्रांसफर करवाई,….
साल 2023-24 के दौरान अलग-अलग तारीखों में कुल 2 करोड़ 2 लाख से अधिक धनराशि पीड़ित ने ट्रांसफर की. जब होटल और हॉस्टल की प्रगति पूछी गई तो टालमटोल शुरू की और उसके बाद जब जगह दिखाने का वादा भी पूरा नहीं किया गया. पीड़ित का आरोप है कि जब अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने गाली गलौज, मारपीट और झूठे मुकदमे में फंसाने समेत जान से मारने की धमकी देनी शुरू कर दी. पीड़ित ने पहले मसूरी थाने में धमकी की एफआईआर दर्ज कराई, जबकि धोखाधड़ी की शिकायत राजपुर थाने में दी गई. लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.उसके बाद फिर एसएसपी देहरादून को प्रार्थना पत्र दिया,लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली,…
