SIR पर रुद्रपुर में सियासी संग्राम: SDM कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। कथित फर्जी आपत्तियों और अनियमितताओं के विरोध में गुरुवार को पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल एसडीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। धरने के बाद उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द न्यायपूर्ण कार्रवाई नहीं हुई तो वे अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू करेंगे।

फर्जी आपत्तियों का लगाया आरोप

धरने के दौरान राजकुमार ठुकराल ने आरोप लगाया कि रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में एक राजनीतिक दल से जुड़े कुछ लोग सुनियोजित तरीके से वास्तविक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवाने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना था कि बड़ी संख्या में फर्जी आपत्तियां दर्ज कराकर निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि वार्डों, मलिन बस्तियों और ग्रामीण क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत ईमानदारी से कार्य कर रहे हैं, लेकिन बेबुनियाद आपत्तियां लगाकर उनके कार्य में बाधा डाली जा रही है।

“आपत्तियां बीएलओ तक नहीं पहुंचीं”

पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि दर्ज की गई कई आपत्तियां आज तक संबंधित बीएलओ के पास जांच और निस्तारण के लिए नहीं भेजी गई हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि फर्जी आपत्तियों के माध्यम से लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजाक बनाया जा रहा है।

मां के नाम पर भी दर्ज हुई आपत्ति

राजकुमार ठुकराल ने दावा किया कि उनकी माता दर्शना रानी के नाम पर भी आपत्ति दर्ज कर दी गई। उन्होंने बताया कि जब संबंधित आपत्तिकर्ता से संपर्क किया गया तो उसने स्वयं कहा कि उसने कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई और उसके नाम का दुरुपयोग किया गया है।

See also  नानकमत्ता पुलिस ने 5 लाख की स्मैक के साथ नशा तस्कर को दबोचा

ठुकराल का आरोप है कि कई आपत्तियों पर आपत्तिकर्ताओं के हस्ताक्षर तक नहीं हैं, जबकि अनेक ऐसे लोगों के नाम पर भी आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं जो वर्षों से अपने परिवार के साथ उसी क्षेत्र में रह रहे हैं।

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

पूर्व विधायक ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उनका कहना है कि मतदाता सूची की शुचिता बनाए रखना लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है और किसी भी वास्तविक मतदाता के अधिकारों से खिलवाड़ नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि जिला प्रशासन ने मामले का गंभीरता से संज्ञान लेकर शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस इस मुद्दे पर व्यापक आंदोलन करेगी और वह स्वयं एसडीएम कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठेंगे।

हालांकि, एसडीएम द्वारा निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद राजकुमार ठुकराल ने अपना धरना समाप्त कर दिया।