रुद्रपुर शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक और महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। गंगापुर रोड स्थित बनरसिया और हल्दीया नहरों का कायाकल्प किया जाएगा। इन दोनों नहरों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर शहर के नए पर्यटन एवं जनसुविधा केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की जा रही है।

इसी क्रम में महापौर विकास शर्मा ने शुक्रवार सुबह नगर निगम की टीम, आर्किटेक्ट्स और पार्षदगणों के साथ दोनों नहरों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित रिवर फ्रंट डेवलपमेंट की कार्ययोजना को अंतिम रूप देने के संबंध में अधिकारियों और विशेषज्ञों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्राकृतिक हरियाली और वॉकवे से सजेगा क्षेत्र
प्रस्तावित योजना के तहत बनरसिया और हल्दीया नहरों के आसपास प्राकृतिक हरियाली विकसित की जाएगी। इसके साथ ही लोगों के लिए वॉकवे, बैठने की व्यवस्था और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था तैयार की जाएगी। उद्देश्य है कि नहरों के आसपास के क्षेत्र को सुंदर बनाने के साथ-साथ लोगों को बेहतर सार्वजनिक स्थान भी उपलब्ध कराया जा सके।
रुद्रपुर को मिलेगा नया पर्यटन स्थल
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि दोनों नहरों को केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इन्हें रुद्रपुर के एक नए सुंदर पर्यटन और जनसुविधा केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा। इससे शहरवासियों को घूमने, टहलने और समय बिताने के लिए बेहतर स्थान मिल सकेगा।
स्थलीय निरीक्षण में अधिकारियों को दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान नहरों की मौजूदा स्थिति, आसपास उपलब्ध स्थान और प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर आर्किटेक्ट्स एवं नगर निगम टीम के साथ चर्चा की गई। महापौर ने कार्ययोजना को व्यवहारिक और आकर्षक बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि परियोजना के तहत क्षेत्र का बेहतर तरीके से विकास किया जा सके।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि स्वच्छ, सुंदर और विकसित रुद्रपुर के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए शहर में जनसुविधाओं और सौंदर्यीकरण से जुड़ी योजनाओं पर लगातार काम किया जा रहा है। बनरसिया और हल्दीया नहरों का विकास इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

