पदभार संभालते ही एक्शन मोड में रामपाल सिंह! अधिकारियों की बैठक लेकर दिए सख्त निर्देश

खबरें शेयर करें

पदभार संभालते ही एक्शन मोड में दिखे रामपाल सिंह, अधिकारियों को दिए प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

देहरादून/रुद्रपुर। उत्तराखंड सरकार की 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति (राज्य स्तरीय) के नव नियुक्त उपाध्यक्ष एवं रुद्रपुर के पूर्व महापौर रामपाल सिंह ने पदभार ग्रहण करते ही सक्रिय कार्यशैली का परिचय दिया। दायित्व संभालने के तुरंत बाद उन्होंने समिति के अधिकारियों के साथ बैठक कर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान रामपाल सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 20 सूत्रीय कार्यक्रम का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सरकार की योजनाएं धरातल पर प्रभावी रूप से लागू हों।

उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करने तथा समीक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

रामपाल सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश नेतृत्व और संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास, गरीब कल्याण, सामाजिक न्याय और जनहित से जुड़े कार्यक्रमों की नियमित निगरानी कर सरकार की मंशा के अनुरूप परिणाम सुनिश्चित किए जाएंगे।

See also  नानकमत्ता फायरिंग कांड का खुलासा, मुख्य आरोपी सहित 5 आरोपी अब सलाखों के पीछे

पदभार ग्रहण समारोह के दौरान समर्थकों, शुभचिंतकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने रामपाल सिंह को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा, व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा अनिल चौहान, राकेश सिंह, ठाकुर जगदीश सिंह, ज्ञान सिंह चौहान, रोशन अरोड़ा, संजय कुमार, रोहित मित्तल, अंजू सिंह, सिमरन सिंह, केशव शर्मा, दीपक खन्ना, पारस चुघ, गौरव जुयाल, संदीप वाल्मीकि, हरीश चौधरी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में रामपाल सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य केवल पद संभालना नहीं, बल्कि सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है। यही कारण है कि पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने कार्यों की समीक्षा शुरू कर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं।