आदि कैलाश यात्रियों का त्रिशूल चौक पर भव्य स्वागत, रुद्रपुर को आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित करने का संकल्प: विकास शर्मा
रुद्रपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर संघ चालक सुशील सिंघला के नेतृत्व में आदि कैलाश यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं के दल का शुक्रवार को त्रिशूल चौक पर महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और सभी यात्रियों ने चौक पर स्थापित विशाल त्रिशूल के दर्शन कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

यात्रियों ने त्रिशूल चौक के भव्य स्वरूप की सराहना करते हुए इसे रुद्रपुर की आध्यात्मिक पहचान को नई दिशा देने वाली पहल बताया। इस अवसर पर नगर संघ चालक सुशील सिंघला ने कहा कि वर्ष 2006 में रुद्रपुर में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रशिक्षण शिविर के दौरान उन्होंने विकास शर्मा को निकट से देखा था। तभी उनकी नेतृत्व क्षमता और समाज के प्रति समर्पण स्पष्ट दिखाई देने लगा था। संगठन ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और आज वे महापौर के रूप में शहर के विकास को नई गति दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि त्रिशूल चौक आज रुद्रपुर की नई पहचान बन चुका है। कुमाऊं और पर्वतीय क्षेत्रों के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु यहां रुककर दर्शन कर रहे हैं और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव कर रहे हैं।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि यह दिन रुद्रपुर के लिए विशेष महत्व रखता है। एक ओर श्रद्धालु आदि कैलाश यात्रा के लिए रवाना हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पूर्व महापौर रामपाल सिंह राज्य मंत्री का दायित्व संभालने के लिए देहरादून जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा रामपाल सिंह को राज्य मंत्री का दर्जा दिया जाना उनके लंबे जनसेवा अनुभव और कार्यों की मान्यता है।
महापौर ने कहा कि रुद्रपुर को केवल औद्योगिक नगरी ही नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। त्रिशूल चौक के बाद अब डमरू चौक और शिव कॉरिडोर की योजना पर भी काम चल रहा है। साथ ही शहर में आकर्षक प्रवेश द्वारों और तीर्थ यात्रियों के लिए आधुनिक अतिथि गृहों के निर्माण की भी योजना बनाई गई है।
उन्होंने कहा कि कुमाऊं के प्रवेश द्वार के रूप में रुद्रपुर की विशेष पहचान है और आने वाले वर्षों में यह शहर पर्यटन एवं धार्मिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यहां आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक सकारात्मक अनुभव लेकर लौटेंगे।
इस अवसर पर राज्य मंत्री रामपाल सिंह ने कहा कि महापौर विकास शर्मा की दूरदर्शी सोच के कारण त्रिशूल चौक आज शहर की नई पहचान बन चुका है। भगवान शिव के त्रिशूल की स्थापना से यह स्थल श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है, जो रुद्रपुर की सांस्कृतिक विरासत को मजबूत कर रहा है।

कार्यक्रम में गुरमीत सिंह, पारस चुघ, गौरव जुयाल, विष्णु सिंह, घनश्याम श्यामपुरिया, रोहित मित्तल, चिराग कालरा, संदीप वाल्मीकि, एडवोकेट गुरदीप सिंह, प्रहलाद अग्रवाल, राहुल बंसल, सरोज सिंघला, नरेश, पवन, कौशल अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे।
