ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती का लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. पीड़िता की शिकायत और न्यायालय के आदेश के बाद दर्ज मुकदमे में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को उसके घर से दबोचा है. उधर, दहेज उत्पीड़न, मारपीट और तीन तलाक का मामले में भी पुलिस ने कई लोगों पर केस दर्ज किया है,…

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की ओर से न्यायालय के माध्यम से बीएनएसएस के तहत एक प्रार्थना पत्र दिया गया था. इसमें आरोप लगाया गया कि सूरज पाल निवासी ग्राम लखीमपुर, थाना खजुरिया, रामपुर (उत्तर प्रदेश) ने शादी का झांसा देकर साल 2017 से लगातार उसका शारीरिक शोषण किया. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उससे विवाह करने का वादा किया था, लेकिन कई सालों तक संबंध बनाने के बाद अब वो शादी करने से साफ इनकार कर रहा है,…
पीड़िता की शिकायत के आधार पर थाना ट्रांजिट कैंप में आरोपी सूरज पाल के खिलाफ मुकदमा किया गया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ट्रांजिट कैंप पुलिस को आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए. इसके बाद प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई और आरोपी की तलाश शुरू की गई,…
वहीं, पुलिस की टीम ने 15 मार्च को कार्रवाई करते हुए आरोपी सूरज पाल उर्फ संतोष को उसके घर लखीमपुर, रामपुर (यूपी) से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की उम्र लगभग 27 साल बताई जा रही है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है. मामले में आगे की जांच जारी है,…
रुद्रपुर में दहेज उत्पीड़न, मारपीट और तीन तलाक का मामला दर्ज: रुद्रपुर में एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग, मारपीट, जान से मारने की धमकी और फोन पर तीन तलाक देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है,….
दरअसल, रुद्रपुर की एक महिला ने पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई है. जिसमें महिला ने बताया है कि उसका निकाह 8 दिसंबर 2021 को मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार यूपी के रामपुर जिले के एक युवक से हुआ था. शादी के समय उसके अब्बू-अम्मी ने अपनी हैसियत से ज्यादा खर्च करते हुए घरेलू सामान, कीमती कपड़े, सोने-चांदी के जेवर, फर्नीचर और स्प्लेंडर प्लस बाइक समेत करीब 10 लाख रुपए खर्च किए,…
पीड़िता का आरोप है कि उसके अब्बू ने शादी के लिए अपना घर तक बेच दिया था. उसका कहना है कि शादी के बाद से ही शौहर, ससुर, सास, जेठ, देवर समेत अन्य ससुराल पक्ष के लोग दहेज में कार और पांच लाख रुपए नकद लाने के लिए दबाव बनाने लगे. दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा,…
पीड़िता ने आरोप लगाते हुए बताया कि कुछ समय बाद उसका शौहर और जेठ उसे दिल्ली ले गए, जहां जेठ ने उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई. वहीं, उसे ये भी पता चला कि उसका शौहर कथित रूप से अनैतिक देह व्यापार के धंधे में शामिल है. आरोप है कि उस पर भी इस काम में शामिल होने का दबाव बनाया गया,…
महिला ने बताया कि 8 दिसंबर 2022 को उसने एक बेटी को जन्म दिया, लेकिन इसके बाद भी ससुराल वालों का व्यवहार नहीं बदला और प्रताड़ना जारी रही. उसने बताया कि 20 जुलाई 2023 को समाज के लोगों और महिला हेल्प डेस्क के सामने समझौता भी कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद स्थिति नहीं सुधरी,….
आरोप है कि 26 नवंबर 2025 को शौहर और ससुराल पक्ष के लोगों ने फोन पर गवाह को कॉन्फ्रेंस में लेकर तीन बार तलाक बोलकर उसे तलाक देने की बात कही. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई. इसके बाद 28 और 29 नवंबर को भी उसे प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया गया,…
तब से वो अपनी बेटी के साथ मायके में रह रही है. महिला का आरोप है कि 10 दिसंबर 2025 को उसके पति, ससुर और सास मायके पहुंच गए और उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी. पीड़िता ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी,…
