चमोली-कुंड हाईवे पर स्थित मंडल क्षेत्र में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि घटना के समय रेस्टोरेंट बंद था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग की चपेट में आने से रेस्टोरेंट में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया,…
जानकारी के अनुसार, मंडल में जड़ी-बूटी शोध संस्थान के समीप स्थित एक रेस्टोरेंट पर अपराह्न करीब तीन बजे बारिश के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरने के बाद रेस्टोरेंट में शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। रेस्टोरेंट में रखे भरे गैस सिलिंडर के फटने से आग और भी तेज हो गई,…
घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन विभाग ने दो दमकल वाहनों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया,..
पुलिस चौकी प्रभारी विपिन त्यागी ने बताया कि संबंधित रेस्टोरेंट स्थानीय निवासी मनीष नौटियाल का है, जिसे ऋषिकेश निवासी राजीव गुप्ता को किराए पर दिया गया था। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में आकाशीय बिजली गिरने के बाद शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है।
फिलहाल, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन रेस्टोरेंट में रखा अधिकतर सामान पूरी तरह नष्ट हो गया है,..
