देवभूमि उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के सरकारी प्रयासों के बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नशा तस्करी का एक गंभीर मामला सामने आया है। हालांकि मामले की आधिकारिक पुष्टि अभी पूरी तरह नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है,…
जानकारी के अनुसार, किच्छा स्थित एक कूरियर एजेंसी के माध्यम से कनाडा भेजे जा रहे एक पार्सल में अफीम छिपाकर भेजी जा रही थी। दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग को पार्सल संदिग्ध प्रतीत हुआ, जिसके बाद उसकी गहन जांच की गई,…
तलाशी के दौरान पार्सल में रखे एक छोटे स्टॉल के चार पाइपों के अंदर छिपाकर लगभग आधा किलो अफीम बरामद की गई। कस्टम विभाग की सतर्कता से नशा तस्करी का एक बड़ा प्रयास विफल हो गया,…
मामले की सूचना तत्काल उत्तराखंड नारकोटिक विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही विभाग की टीम दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची और पार्सल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। इसके बाद टीम किच्छा पहुंची और कूरियर एजेंसी के माध्यम से पार्सल भेजने वाले व्यक्ति को सूचना दी गई कि उसका पार्सल वापस आ गया है,…
जैसे ही संबंधित महिला पार्सल लेने के लिए एजेंसी पहुंची, पहले से मौजूद पुलिस और नारकोटिक विभाग की टीम ने उसे हिरासत में ले लिया। फिलहाल महिला से पूछताछ जारी है,…
अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे मामले में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कहीं इसके पीछे कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय गिरोह तो सक्रिय नहीं है। जांच जारी है और अन्य संदिग्धों की संलिप्तता सामने आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी,…
