केदारनाथ में अब इलाज होगा हाईटेक! CM धामी ने श्रद्धालुओं को दी 40 बेड अस्पताल की बड़ी सौगात

खबरें शेयर करें

केदारनाथ धाम में स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई ताकत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को 40 बेड वाले अत्याधुनिक अस्पताल का लोकार्पण किया। अब बाबा केदार के दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को ऊंचे हिमालयी क्षेत्र में भी बेहतर इलाज और इमरजेंसी स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

यह अस्पताल भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा तैयार किया गया है, जबकि इसका संचालन स्वामी विवेकानन्द हेल्थ मिशन सोसाइटी करेगी। खास बात यह है कि कठिन मौसम और ऊंचाई वाले इलाके में अब ऑक्सीजन, इमरजेंसी मेडिकल सुविधा, डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।

लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और स्वास्थ्य सुविधाओं से मजबूत बनाना है। यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य जांच केंद्र, ऑक्सीजन सुविधा और आपातकालीन सेवाओं को भी पहले से ज्यादा मजबूत किया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

मुख्यमंत्री ने “स्वस्थ उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड” के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि प्रदेश में अब तक करीब 61 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिससे लाखों लोगों को मुफ्त इलाज का लाभ मिला है। साथ ही हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने की दिशा में भी तेजी से काम चल रहा है।

केदारनाथ धाम में अस्पताल शुरू होने को श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। हर साल लाखों श्रद्धालु कठिन मौसम और ऊंचाई के बीच बाबा केदार के दर्शन करने पहुंचते हैं, ऐसे में अब उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का भरोसा मिलेगा।

See also  गंगा आरती के दौरान गुजरात के श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ी,हुई मौत !

मुख्यमंत्री ने बाबा केदार के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना भी की। कार्यक्रम में कई संत, सामाजिक संगठन और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।