कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आगामी चार दिनों के लिए प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।

28 मई को इन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 28 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों में गर्जन के साथ बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तेज झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।
वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
29 मई को भी जारी रहेगा बारिश का दौर
29 मई को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की भी चेतावनी दी गई है। जबकि बाकी जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।
30 और 31 मई को भी खराब रहेगा मौसम
30 मई को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में गर्जन के साथ बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं 31 मई को पर्वतीय जिलों में मौसम खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इन दिनों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है।
प्रशासन ने जारी की गाइडलाइन
भारी बारिश और खराब मौसम की चेतावनी को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिला प्रशासन को जरूरी सावधानियां बरतने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने, आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट रखने और लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
लोगों से अपील
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर बनाए रखने को कहा गया है।
