पढ़ाई की उम्र में बना ली अपराध की दुनिया! तमंचे के दम पर लूट करने वाले चार युवक गिरफ्तार

खबरें शेयर करें

हरिद्वार के रानीपुर क्षेत्र में हुई सनसनीखेज लूटकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी युवकों की उम्र 19 से 21 वर्ष के बीच है। पढ़ाई और करियर बनाने की उम्र में इन युवकों ने अपराध का रास्ता चुनते हुए तमंचे के बल पर एक युवक से स्कूटी, मोबाइल, पर्स और नकदी लूट ली थी।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 23 मई की रात सीतापुर निवासी सौरभ सती अपनी स्कूटी से सिडकुल क्षेत्र से घर लौट रहे थे। इसी दौरान चिन्मय डिग्री कॉलेज के पास चार स्कूटी सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया और तमंचा दिखाकर उनकी स्कूटी, मोबाइल फोन, पर्स तथा पांच हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।

पॉश इलाके में हुई इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। कोतवाली रानीपुर पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस को पता चला कि आरोपी मुख्य सड़कों की बजाय गली-मोहल्लों के रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे, जिससे उनके स्थानीय होने की आशंका मजबूत हुई।

रविवार रात रेगुलेटर पुल के पास पुलिस ने चार संदिग्ध युवकों को एक स्कूटी के साथ रोका। जांच में स्कूटी पर लगी नंबर प्लेट फर्जी निकली। इंजन और चेसिस नंबर का मिलान करने पर पता चला कि यह वही स्कूटी थी जो लूट की घटना में छीनी गई थी।

See also  दीवाली से पहले कांग्रेस में होने वाले है बड़े बदलाव, प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा की कुर्सी को भी खतरा

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्कूटी, मोबाइल फोन, पर्स, दो हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एक देशी तमंचा, जिंदा कारतूस और एक चाकू बरामद किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कार्तिक सैनी (20 वर्ष), शिवांश उर्फ विलन (21 वर्ष), लक्की (19 वर्ष) और वंश चंचल (20 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी आरोपी हरिद्वार के निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी लूटी गई स्कूटी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसका इस्तेमाल कर रहे थे और किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। समय रहते पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर एक संभावित अपराध को भी टाल दिया।

एसएसपी ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।