रुद्रपुर में खत्म होगी जाम की मुसीबत! काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण को मिली हरी झंडी

खबरें शेयर करें

रुद्रपुरवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी! काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण का रास्ता साफ, जाम से मिलेगी राहत

रुद्रपुर। शहर की वर्षों पुरानी ट्रैफिक समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। बहुप्रतीक्षित काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण परियोजना का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। नगर निगम रुद्रपुर ने चौड़ीकरण के लिए अधिग्रहित भूमि को लोक निर्माण विभाग (PWD) को हस्तांतरित करने हेतु अपनी अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) प्रदान कर दी है। इसके साथ ही लंबे समय से अटकी इस परियोजना को जल्द गति मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

महापौर विकास शर्मा ने बताया कि काशीपुर बाईपास शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है, जहां प्रतिदिन भारी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम जनता, व्यापारियों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

चौड़ीकरण योजना के दौरान नगर निगम की कुछ दुकानों के प्रभावित होने की संभावना को लेकर व्यापारियों में चिंता थी। व्यापारियों की मांग को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री स्तर पर वार्ता की गई, जिसके बाद सड़क की प्रस्तावित चौड़ाई में आंशिक संशोधन किया गया। इससे कई व्यापारियों को राहत मिली और परियोजना को आगे बढ़ाने का रास्ता आसान हो गया।

महापौर ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा भूमि हस्तांतरण के लिए नगर निगम से सहमति मांगी गई थी। सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करते हुए नगर निगम ने एनओसी जारी कर दी है। अब विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई तेज होने की संभावना है।

See also  अमृत भारत स्टेशन योजना से बदलेगी उत्तराखंड की रेल यात्रा, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बड़ा बूस्ट

उन्होंने कहा कि काशीपुर बाईपास का चौड़ीकरण रुद्रपुर के सुनियोजित विकास की दिशा में एक अहम परियोजना है। इसके पूरा होने के बाद न केवल ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था भी अधिक सुगम और सुरक्षित बनेगी।

शहरवासियों को उम्मीद है कि लंबे समय से प्रतीक्षित यह परियोजना अब जल्द धरातल पर उतरकर रुद्रपुर को जाम की समस्या से बड़ी राहत दिलाएगी।