रुद्रपुर की बेटी जसमीत कौर बनीं पीसीएस टॉपर, महापौर विकास शर्मा ने किया सम्मानित

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) की पीसीएस परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर रुद्रपुर का नाम रोशन करने वाली जसमीत कौर पाहवा को महापौर विकास शर्मा ने उनके आवास पहुंचकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने जसमीत कौर के साथ-साथ उनके परिवार को भी बधाई देते हुए इस उपलब्धि को पूरे शहर और जनपद के लिए गौरव का विषय बताया।

महापौर विकास शर्मा वसुंधरा पॉम हाउस कॉलोनी, जाफरपुर स्थित जसमीत कौर के निवास पहुंचे और उन्हें पुष्पगुच्छ एवं शुभकामनाएं देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जसमीत कौर ने पूरे उत्तराखंड में प्रथम स्थान हासिल कर न केवल अपने परिवार, बल्कि रुद्रपुर और ऊधमसिंह नगर जिले का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह रुद्रपुर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है और शहर की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत भी।

महापौर ने कहा कि जसमीत की सफलता उनकी कड़ी मेहनत, दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि जसमीत पहले से ही बागेश्वर में समाज कल्याण अधिकारी के पद पर कार्यरत थीं, लेकिन उन्होंने अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखे और आज प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त कर नई मिसाल कायम की है।

जसमीत कौर के पिता जसवंत सिंह पाहवा ने कहा कि बच्चों की सफलता माता-पिता के लिए सबसे बड़ा सम्मान होती है। उन्होंने कहा कि जसमीत की उपलब्धि पूरे परिवार के साथ-साथ रुद्रपुर शहर की भी उपलब्धि है, जिससे अन्य युवाओं को भी बड़े लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी।

सम्मान समारोह के दौरान जसमीत कौर ने महापौर और शहरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मेहनत को जब समाज का सम्मान और प्रोत्साहन मिलता है तो आगे बढ़ने की प्रेरणा और मजबूत होती है। उन्होंने प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से धैर्य, समर्पण और निरंतर मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।

See also  ऊधम सिंह नगर में जवान को Honey Trap में फंसाने की कोशिश! महिला पर 10 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप, FIR दर्ज

इस अवसर पर गुरमीत सिंह, पारस चुघ, चिराग कालरा, गौरव सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।