किच्छा में बनेगा प्रदेश का पहला विभाजन विभीषिका सेनानी स्मारक, राजेश शुक्ला ने समाज से लिए सुझाव

खबरें शेयर करें

किच्छा। मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के अनुरूप 51 लाख रुपये की लागत से बनने वाले प्रदेश के प्रथम विभाजन विभीषिका सेनानी स्मारक के निर्माण को लेकर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने पंजाबी समाज के प्रबुद्धजनों एवं विभाजन विभीषिका सेनानी परिवारों के साथ बैठक कर स्मारक के स्वरूप और निर्माण संबंधी सुझाव प्राप्त किए।

गुलशन मदान के प्रतिष्ठान पर आयोजित बैठक में स्मारक को भव्य, दिव्य और प्रेरणादायी स्वरूप देने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित लोगों ने अपने सुझाव साझा किए, जिन्हें संकलित कर स्मारक निर्माण की योजना में शामिल करने पर विचार किया जाएगा।

इस अवसर पर पंजाबी सभा के अध्यक्ष प्रवीण रहेजा, महामंत्री पंडित अनिल शर्मा तथा वरिष्ठ व्यवसायी सुदर्शन ठुकराल के नेतृत्व में समाज के लोगों ने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला का माला पहनाकर भव्य स्वागत किया।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि भारत-पाकिस्तान विभाजन की पीड़ा झेलकर किच्छा क्षेत्र में आकर बसे परिवारों के संघर्ष, त्याग और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभाजन विभीषिका सेनानी स्मारक का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्मारक केवल एक संरचना नहीं, बल्कि इतिहास के उन कठिन अध्यायों और लाखों लोगों के बलिदान की याद दिलाने वाला प्रेरणा केंद्र होगा।

उन्होंने कहा कि विभाजन के दौरान अपने घर, जमीन और संसाधन छोड़कर आए परिवारों ने विपरीत परिस्थितियों में भी मेहनत और संघर्ष के बल पर क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे परिवारों की स्मृतियों और संघर्ष गाथाओं को संरक्षित करना समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है।

See also  एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने रात्रि में टैंपो व ई-रिक्शा संचालन पर लगाई रोक,

बैठक में उपस्थित समाज के प्रतिनिधियों ने स्मारक निर्माण की पहल का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक कदम बताया। साथ ही सुझाव दिया कि स्मारक में विभाजन की घटनाओं, सेनानी परिवारों के संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को दर्शाने वाली सामग्री भी शामिल की जाए।

बैठक में बड़ी संख्या में पंजाबी समाज के गणमान्य लोग एवं विभाजन विभीषिका सेनानी परिवारों के सदस्य उपस्थित रहे।