10 लाख रुपये की चरस के साथ 2 नशा तस्कर गिरफ्तार, एएनटीएफ और पंतनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

खबरें शेयर करें

करीब 10 लाख रुपये की अवैध चरस के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार, एएनटीएफ और पंतनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

रुद्रपुर। उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत ऊधमसिंह नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के अंतर्गत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) एवं पंतनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 01 किलो 150 ग्राम अवैध चरस, 02 मोबाइल फोन तथा तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘नशा मुक्त देवभूमि’ अभियान को सफल बनाने के लिए जनपद भर में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एएनटीएफ और पंतनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों तस्करों को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों से चरस की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि ऐसे तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

See also  रुद्रपुर,खटीमा,सितारगंज,किच्छा,गदरपुर के 25 अवैध रूप से चल रहे अस्पतालों को नोटिस

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।