देहरादून/मसूरी
उत्तराखंड के मसूरी से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। मसूरी-कोलूखेत झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी दुर्गम खाई में जा गिरी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में चार लोग सवार बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही मसूरी पुलिस, एसडीआरएफ और 108 एंबुलेंस की टीम मौके के लिए रवाना हो गई। बताया जा रहा है कि वाहन बेहद गहरी खाई में गिरा है, जहां तक पहुंचना भी राहत एवं बचाव दलों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। लेकिन खाई की गहराई, घनी झाड़ियों और दुर्गम भू-भाग के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
एसडीआरएफ की टीम विशेष उपकरणों और रस्सियों की मदद से खाई में उतरने की तैयारी कर रही है। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
फिलहाल कार सवार लोगों की स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। रेस्क्यू टीम वाहन तक पहुंचने के प्रयास में जुटी हुई है। जैसे-जैसे बचाव अभियान आगे बढ़ेगा, हादसे से जुड़ी और जानकारी सामने आने की संभावना है।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाने और राहत कार्य में सहयोग करने की अपील की है।
रुद्रा न्यूज़ इस घटना से जुड़े हर अपडेट पर नजर बनाए हुए है।
