उत्तराखंड पुलिस को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, सोशल मीडिया पोस्ट से मचा था हड़कंप

खबरें शेयर करें

उत्तराखंड पुलिस को चुनौती देते हुए राज्य के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी सोशल मीडिया पर देने वाले आरोपी को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिससे कथित तौर पर धमकी भरे संदेश पोस्ट किए गए थे।

पुलिस के अनुसार, 21 जून को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर ऐसी पोस्ट वायरल हुई थीं, जिनमें उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इन पोस्ट के सामने आने के बाद आम लोगों में भय और दहशत का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून की नगर कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

जांच के लिए गठित विशेष पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सोशल मीडिया गतिविधियों के आधार पर आरोपी जसप्रीत सिंह को देहरादून क्षेत्र से गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चमोली जिले के कर्णप्रयाग में कुछ समय पहले स्थानीय युवकों और निहंग सिखों के बीच हुए विवाद के बाद पुलिस की कार्रवाई से वह नाराज़ था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने इसी नाराज़गी के चलते लोगों में दहशत फैलाने और उत्तराखंड पुलिस को चुनौती देने के उद्देश्य से अपनी इंस्टाग्राम आईडी “Jaspreet-devil” से 25 जून 2026 को धमकी भरी टिप्पणी पोस्ट की थी।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के मोबाइल फोन को जब्त कर लिया गया है। मोबाइल सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक और तकनीकी जांच कराई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका है या नहीं।

See also  रुद्रपुर में दरिंदगी: घर में घुसकर किशोरी से चाकू की नोक पर दुष्कर्म, आरोपी पड़ोसी किशोर पर मुकदमा दर्ज

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।