रुद्रपुर में छुट्टी पर घर आए सेना के जवान की अचानक मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर के किरतपुर स्थित एकता विहार कॉलोनी में उस समय मातम छा गया, जब भारतीय सेना के एक जवान की छुट्टी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की पहचान भवान सिंह भंडारी (43) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग के रहने वाले थे और वर्तमान में अपने परिवार के साथ रुद्रपुर की एकता विहार कॉलोनी में रह रहे थे। वह भारतीय सेना की 274 फील्ड रेजीमेंट में तैनात थे। हाल ही में उनकी ड्यूटी लेह-लद्दाख में थी और वह एक महीने की छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। अवकाश समाप्त होने के बाद उनकी अगली तैनाती राजस्थान में होनी थी।

देर रात बिगड़ी तबीयत

परिजनों के मुताबिक, देर रात अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। हालत गंभीर होने पर परिवार और पड़ोसियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। जवान की असामयिक मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

भवान सिंह भंडारी अपने पीछे पत्नी, एक 17 वर्षीय पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। बेटे की पढ़ाई इंटरमीडिएट में जबकि बेटी हाईस्कूल में चल रही है। परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य के निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

See also  डंपर वसूली केस के बाद भाजपा नेता विकास सागर का इस्तीफा, पूर्व विधायक पर लगाए बड़े आरोप

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा

पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। यदि रिपोर्ट में कोई संदिग्ध तथ्य सामने आता है, तो उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जवान के निधन की खबर फैलते ही क्षेत्र के लोग, रिश्तेदार और परिचित उनके आवास पर पहुंचने लगे। सभी ने दिवंगत सैनिक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।