रुद्रपुर में बनेगा आधुनिक पशु शव दाह गृह, 1.45 करोड़ की परियोजना को मंजूरी

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर को मिली आधुनिक पशु शव दाह गृह की सौगात, 1.45 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी

गैस बेस्ड इनसिनरेटर से होगा मृत पशुओं का वैज्ञानिक और पर्यावरण अनुकूल निस्तारण : महापौर विकास शर्मा

रुद्रपुर। नगर निगम रुद्रपुर को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में बड़ी सफलता मिली है। शहर में आधुनिक पशु शव दाह गृह के निर्माण के लिए शासन ने 145.83 लाख रुपये की परियोजना को मंजूरी प्रदान कर दी है। इस परियोजना के तहत गैस बेस्ड इनसिनरेटर स्थापित किया जाएगा, जिसके माध्यम से मृत पशुओं के शवों का वैज्ञानिक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल तरीके से निस्तारण किया जा सकेगा।

यह महत्वपूर्ण स्वीकृति मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आयोजित स्टेट पावर्ड कमेटी की बैठक में दी गई। बैठक में रिंग फेंस्ड अकाउंट के अंतर्गत विभिन्न परियोजनाओं पर विचार किया गया। समिति ने रुद्रपुर, हल्द्वानी और हरिद्वार नगर निगम क्षेत्रों में मृत पशुओं के शवों के समुचित निस्तारण के लिए गैस बेस्ड इनसिनरेटर स्थापित करने की योजनाओं को मंजूरी दी, जिसमें रुद्रपुर नगर निगम के लिए 145.83 लाख रुपये की परियोजना को स्वीकृति मिली है।

महापौर विकास शर्मा ने इसे रुद्रपुर शहर और नगर निगम के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से शहर में मृत पशुओं के निस्तारण के लिए आधुनिक व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। वर्तमान व्यवस्था में कई बार शवों के निस्तारण में व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, जिससे दुर्गंध, संक्रमण और स्वच्छता संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती थीं। नई परियोजना के लागू होने के बाद इन समस्याओं का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।

See also  चारधामों के कपाट बंद होने के बाद शीतकालीन यात्रा से भी घूमेगा पर्यटन का पहिया,

उन्होंने कहा कि शहर की बढ़ती आबादी और तेजी से हो रहे शहरी विस्तार को देखते हुए आधुनिक पशु शव दाह गृह की आवश्यकता बेहद महत्वपूर्ण थी। कई बार सार्वजनिक स्थानों और सड़क किनारे मृत पशुओं के पड़े रहने से वातावरण प्रदूषित होने के साथ-साथ जनस्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। गैस बेस्ड इनसिनरेटर की स्थापना के बाद शवों का त्वरित और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा सकेगा।

महापौर ने बताया कि आधुनिक तकनीक आधारित इस व्यवस्था में उच्च तापमान पर पशु शवों का निस्तारण किया जाएगा, जिससे प्रदूषण का स्तर न्यूनतम रहेगा। पारंपरिक तरीकों की तुलना में यह प्रणाली अधिक सुरक्षित, प्रभावी और पर्यावरण हितैषी होगी। इससे भूजल, वायु और आसपास के पर्यावरण को होने वाले नुकसान को भी काफी हद तक रोका जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि नगर निगम रुद्रपुर लगातार आधुनिक तकनीकों को अपनाकर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य से जुड़े विषय निगम की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। पशु शव दाह गृह की स्थापना शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

महापौर विकास शर्मा ने इस परियोजना की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और शहरी विकास विभाग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से रुद्रपुर में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है और शहर आधुनिक सुविधाओं से लैस हो रहा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि गैस बेस्ड पशु शव दाह गृह की स्थापना के बाद शहर की स्वच्छता व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी और इसका सीधा लाभ आम नागरिकों को प्राप्त होगा।