उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में हनीट्रैप का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक युवक को दोस्ती के बहाने बुलाकर कुछ लोगों ने बंधक बना लिया. उसके साथ मारपीट की. अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया. आरोपियों ने युवक से लाखों रुपये की मांग की. उसके पास से नकदी भी छीन ली. पीड़ित की शिकायत पर ट्रांजिट कैंप कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है,…

रामपुर उत्तर प्रदेश के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी निवासी मनोज कुमार पुत्र इकबाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अक्टूबर माह में उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से मिस कॉल आई. जब उन्होंने उस नंबर पर वापस कॉल किया तो एक लड़की ने फोन उठाया. जिसे उन्होंने रॉन्ग नंबर समझकर काट दिया. कुछ देर बाद एक अन्य नंबर से उनके मोबाइल पर मैसेज आया. जिसमें कॉल गलती से लगने की बात कही गई. मैसेज भेजने वाली ने अपना नाम नेहा बताया. इसके बाद दोनों के बीच मैसेज के जरिए बातचीत शुरू हो गई. कई दिनों तक गुड मॉर्निंग जैसे सामान्य मैसेज का आदान-प्रदान होता रहा,…
कुछ समय बाद युवती ने फोन पर बातचीत शुरू की. दोस्ती करने की बात कही. इसी दौरान एक बार वीडियो कॉल पर भी बातचीत हुई. युवती ने मनोज कुमार को काशीपुर बुलाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने वहां जाने से मना कर दिया. इसके कुछ दिन बाद युवती ने व्हाट्सऐप के माध्यम से उन्हें रुद्रपुर बुलाया. उस दिन घर पर उसकी मां नहीं है. वह उनसे मिलना चाहती है,….
पीड़ित के अनुसार 19 नवंबर 2025 को वह उससे मिलने रुद्रपुर पहुंचे. जहां युवती ने उन्हें दक्ष चौराहे पर बुलाया. वहां उन्हें दो युवतियां मिलीं. जिन्होंने अपने नाम पिंकी और जोहरा उर्फ नेहा बताया. इसके बाद युवतियों ने उन्हें खाने के बहाने पास के एक घर में चलने को कहा. बताया कि घर पर कोई नहीं है,…
पीड़ित ने बताया कि घर पहुंचने के कुछ देर बाद जब वह वॉशरूम गए. बाहर निकलने लगे तो दरवाजा बाहर से बंद था. इसी दौरान दीपक कश्यप सहित कुछ अन्य लोग सीढ़ियों से नीचे आए. उन्हें कमरे में बंद कर बंधक बना लिया. आरोप है कि आरोपियों ने उनके हाथ बांध दिए. उनके कपड़े उतरवा दिए. एक युवती के साथ उनकी आपत्तिजनक वीडियो बना ली,…
इसके बाद आरोपियों ने उन्हें धमकाया कि अगर उन्होंने आठ लाख रुपये क्यूआर कोड के जरिए नहीं भेजे तो यह वीडियो उनके परिवार, पुलिस और सोशल मीडिया पर वायरल कर दी जाएगी. पीड़ित के मुताबिक जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की. उनके पर्स से 14,500 रुपये भी निकाल लिए. साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी देकर वहां से जाने दिया,…
पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद वह सदमे में आ गए. लोकलाज के डर से तुरंत शिकायत नहीं कर सके. बाद में मानसिक स्थिति ठीक होने पर उन्होंने 11 मार्च को ट्रांजिट कैंप कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई. ट्रांजिट कैंप कोतवाली प्रभारी मोहन चंद्र पांडे ने बताया पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है. जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा,….
