रुद्रपुर। रुद्रपुर के एक स्पा सेंटर में देह व्यापार कराने के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मिजोरम से युवतियों और किशोरियों को हवाई जहाज के जरिए रुद्रपुर लाकर देह व्यापार कराने के आरोप में महिला सरगना लालनुनसियामी उर्फ किकी, उसके पति शेहरियार और बहन लालरमजावी उर्फ निकी समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जांच में सामने आया है कि आरोपी मिजोरम से युवतियों को पहले फ्लाइट से दिल्ली लाते थे और वहां से सड़क मार्ग के जरिए रुद्रपुर पहुंचाते थे। पुलिस के अनुसार, स्पा सेंटर से रेस्क्यू की गई दो नाबालिग समेत पांच युवतियों को भी इसी तरह रुद्रपुर लाया गया था।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी कई बार युवतियों को मिजोरम से रुद्रपुर लाया जा चुका है। मामले की गहराई से जांच के लिए पुलिस अब मुख्य सरगना किकी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी कर रही है।
नौकरी का झांसा देकर कराया जाता था देह व्यापार
मामले का खुलासा तब हुआ जब मिजोरम के आइजोल स्थित ऑल वुमेन पुलिस स्टेशन में दो युवतियों ने शिकायत दर्ज कराई। युवतियों ने आरोप लगाया कि उन्हें नौकरी का झांसा देकर रुद्रपुर लाया गया और यहां देह व्यापार में धकेला गया।
शिकायत के बाद मिजोरम पुलिस और रुद्रपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ब्यूटी क्वीन स्पा एंड सैलून पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो नाबालिग समेत पांच युवतियों को रेस्क्यू किया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर संचालिका लालनुनसियामी उर्फ किकी, उसके पति शेहरियार, एच लालछनहिमा, दीपक सिंह, संजय श्रीवास्तव और लालरमजावी उर्फ निकी को गिरफ्तार किया है।
एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है। कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है और आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।
