रसोई में लगी आग ने मचाई तबाही, गैस सिलिंडर हादसे में महिला समेत दो झुलसे

खबरें शेयर करें

गैस सिलिंडर में आग लगने से घर का सामान राख, महिला समेत दो झुलसे

काशीपुर। शनिवार सुबह मोहल्ला दिल्ला सिंह निवासी शाहिद हुसैन के घर में रखे घरेलू गैस सिलिंडर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में घर में रखे कपड़े, बर्तन, टीवी समेत अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।

आग लगने पर गृहस्वामिनी रोशन जहां ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले रोशन जहां और मोहल्ले के युवक गोलू ने आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों के हाथ झुलस गए। बाद में दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

गृहस्वामी शाहिद हुसैन ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस और तहसील प्रशासन को दे दी गई है। अग्निशमन केंद्र के एफएसएसओ श्याम बहादुर थापा ने बताया कि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

झोपड़ी में लगी आग, फायर कर्मियों ने पाया नियंत्रण

काशीपुर। थाना आईटीआई क्षेत्र स्थित शंकरपुरी हाइडिल कार्यालय के पीछे एक झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन काशीपुर से दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।

अग्निशमन अधिकारी श्याम सिंह ने बताया कि आग रामदास सिंह की झोपड़ी में लगी थी। फायर यूनिट ने हाई प्रेशर पंप की मदद से आग को पूरी तरह बुझा दिया। आग की घटना में झोपड़ी में रखा घरेलू सामान जल गया, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

See also  उत्तराखंड में ईद के बीच बड़ी कार्रवाई: पाकिस्तान से करोड़ों के लेनदेन मामले में रुड़की से युवती गिरफ्तार

फायर यूनिट में लीडिंग फायरमैन विजेंद्र सिंह, चालक संदीप शर्मा, फायरमैन आकाश गैरोला और महिला फायरमैन ज्योति समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।