रुद्रपुर में नशीले इंजेक्शन-गोलियों का खेल बेनकाब, युवती समेत तीन युवक गिरफ्तार

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर में नशीले इंजेक्शन और गोलियों के साथ युवती समेत तीन गिरफ्तार

रुद्रपुर। रुद्रपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए किच्छा बाईपास रोड से एक युवती समेत तीन लोगों को नशीले इंजेक्शन और गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां, बाइक, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी

एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी ने बताया कि शनिवार रात आवास विकास चौकी प्रभारी प्रकाश चंद्र, एसआई मनोज जलाल, एएसआई चंद्रप्रकाश बवाड़ी, पुलिस टीम और एएनटीएफ के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान किच्छा बाईपास रोड स्थित मोदी मैदान के पास वाहनों की चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।

चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर एक बाइक सवार युवक अचानक वापस मुड़ने लगे, लेकिन बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। शक होने पर पुलिस टीम ने तीनों को मौके पर ही पकड़ लिया।

बैग की तलाशी में मिला नशे का जखीरा

पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपियों के बैग से 41 बुप्रेनारफिन गोलियां, 67 शीशी एविल, 22 शीशी डायजेपाम और 20 शीशी बुप्रेनारफिन इंजेक्शन बरामद हुए। इसके अलावा बाइक, दो मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम कौशलगंज बिलासपुर रामपुर निवासी अमित विश्वास पुत्र अमर विश्वास, आजाद नगर ट्रांजिट कैंप निवासी अजय सागर उर्फ सोनू पुत्र कुंवरपाल और खुर्फियाफार्म किच्छा निवासी प्रिया पुत्री मोहन सिंह बताए।

See also  रुद्रपुर में हथियार तस्कर से पुलिस का एनकाउंटर, बंटी कोली को लगी गोली,

सिडकुल और रुद्रपुर में बेचते थे नशीले इंजेक्शन

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे खुद भी नशा करते हैं और सिडकुल व रुद्रपुर क्षेत्र में नशीले इंजेक्शन और गोलियां बेचने का काम करते थे। आरोपियों ने खुलासा किया कि यह नशीले इंजेक्शन उन्होंने किच्छा निवासी बबलू नामक व्यक्ति से खरीदे थे।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।