हिमालय की गोद में बसे सिखों के पवित्र तीर्थ स्थल हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने की तिथि घोषित कर दी गई है. जिसके तहत आगामी 23 मई को गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब के कपाट खोल दिए जाएंगे. ऐसे में गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई है,…

दरअसल, गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन से आगामी यात्रा सीजन की तैयारियों पर चर्चा करने के लिए मुलाकात की. जहां विस्तृत विचार विमर्श और वर्तमान मौसम स्थितियों का आकलन करने के बाद पवित्र गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब के कपाट 23 मई 2026 (शनिवार) को खोलने पर सहमति बनी,…
बता दें कि गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट, राज्य सरकार के समन्वय से यात्रा का संचालन करता है. साथ ही तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए हरिद्वार, ऋषिकेश, श्रीनगर, रतूड़ा, जोशीमठ (ज्योतिर्मठ), गोविंदघाट और घांघरिया में अपनी धर्मशालाओं में मुफ्त ठहरने एवं भोजन की व्यवस्था करता है,…
इस बार जल्दी खुल रहे कपाट: हेमकुंड साहिब में भी लंगर परोसा जाता है, लेकिन उच्च हिमालयी इलाका और सीमित सुविधाओं के कारण तीर्थयात्रियों को हेमकुंड में रात्रि विश्राम की अनुमति नहीं है. पिछली बार 25 मई को कपाट खुले थे. इस बाद कपाट दो दिन पहले खुल रहे हैं. जिसके पीछे की वजह पिछले साल की तुलना में कम बर्फबारी है,….
इससे जलवायु परिस्थितियां यात्रा के जल्द शुरू होने के लिए अनुकूल साबित हो रही है. हालांकि, जलवायु परिवर्तन समेत कई कारणों से इस साल कम बर्फ पड़ी है, लेकिन हेमकुंड में मौसम अप्रत्याशित रहता है. पिछले साल के रुझान को ध्यान में रखते हुए इस बार यात्रा को थोड़ा पहले शुरू करने का निर्णय ट्रस्ट ने लिया है,…
वहीं, बैठक के दौरान मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने राज्य सरकार की ओर से पूरा सहयोग का आश्वासन दिया है. उनका कहना है कि उत्तराखंड सरकार, चारधाम और हेमकुंड साहिब आने वाले सभी तीर्थयात्रियों के लिए सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी,..
गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट की अपील: सभी तीर्थयात्रियों से अनुरोध किया गया है कि उच्च ऊंचाई वाले क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें. यात्रा की पूरी तैयारी रखें. यात्रा व्यवस्थाओं, पंजीकरण, सड़क स्थिति और अन्य दिशा-निर्देशों से संबंधित आगे की जानकारी समय-समय पर आधिकारिक माध्यमों से साझा की जाएगी,…
