रुद्रपुर में मामूली विवाद के बाद फायरिंग, इलाके में फैली दहशत
उधम सिंह नगर के जिला मुख्यालय रुद्रपुर से शनिवार देर शाम एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रम्पुरा चौकी क्षेत्र स्थित कटोरी मंदिर के पास मामूली कहासुनी के बाद फायरिंग होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया, जबकि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

बताया जा रहा है कि क्षेत्र में एक चाऊमीन ठेले पर कुछ युवक खाने पहुंचे थे। खाने के बाद जब दुकानदार ने उनसे पैसे मांगे तो दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक बिना भुगतान किए वहां से जाने लगे, जिस पर दुकानदार ने पैसे देने की बात कही। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
दुकानदार का आरोप है कि जाते समय युवकों ने उसे धमकी दी और कुछ घंटे बाद वापस लौटने की बात कही। करीब दो से ढाई घंटे बाद कुछ युवक दोबारा मौके पर पहुंचे और कथित तौर पर फायरिंग कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में चार राउंड गोलियां चलने जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास दहशत फैल गई।
हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। मामले की जानकारी मिलते ही रम्पुरा चौकी प्रभारी पंकज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। साथ ही कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
रम्पुरा चौकी प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।
