उत्तराखंड की बेटी महक चौहान का भारतीय सीनियर महिला रग्बी टीम में चयन, ताशकंद में करेंगी देश का प्रतिनिधित्व

खबरें शेयर करें

उत्तराखंड के लिए गर्व और खुशी की खबर सामने आई है। उत्तरकाशी की होनहार खिलाड़ी महक चौहान का चयन भारतीय सीनियर महिला रग्बी टीम में हुआ है। महक अब 16 और 17 मई 2026 को उज्बेकिस्तान के ताशकंद में आयोजित होने वाली ‘सेंट्रल एंड साउथ एशिया 7s चैंपियनशिप’ में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

महक चौहान के चयन की खबर सामने आते ही उत्तराखंड रग्बी संघ समेत पूरे प्रदेश के खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ गई है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद महक ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर खास पहचान बनाई है।

उत्तरकाशी की रहने वाली महक चौहान लंबे समय से रग्बी खेल में शानदार प्रदर्शन करती आ रही हैं। वह इससे पहले भारतीय अंडर-18 और अंडर-20 महिला रग्बी टीम का भी हिस्सा रह चुकी हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश और उत्तराखंड का नाम रोशन किया था।

अब भारतीय सीनियर महिला रग्बी टीम में चयन को उनके खेल करियर की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। महक की सफलता प्रदेश के युवा खिलाड़ियों, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है। पहाड़ की कठिन परिस्थितियों से निकलकर राष्ट्रीय टीम तक पहुंचना आसान नहीं होता, लेकिन महक ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और समर्पण से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी महक चौहान को इस उपलब्धि पर बधाई दी है। एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष आयुष सैनी, सचिव यशवंत सिंह, अध्यक्ष सूर्यकांत सैनी और फिटनेस ट्रेनर आकाश सिंह ने कहा कि महक ने पूरे उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि महक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीतेंगी।

See also  10 साल से फरार मफरूर अभियुक्त गिरफ्तार, एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलभट्टा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

महक चौहान की उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल सही मंच और बेहतर सुविधाओं की है, ताकि पहाड़ की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।