रुद्रपुर में जनता के द्वार पहुंचा नगर निगम, बिजली-पानी से जुड़ी शिकायतों का तुरंत समाधान

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर में ‘महापौर जनता के द्वार’ अभियान का शुभारंभ, बहुद्देशीय शिविर में मौके पर सुनी गईं जनसमस्याएं

रुद्रपुर। महापौर विकास शर्मा ने अपने चुनावी वादों को अमलीजामा पहनाते हुए सोमवार को वार्ड नंबर 11 संजय नगर खेड़ा बस्ती से ‘महापौर जनता के द्वार’ अभियान का शुभारंभ किया। नगर निगम द्वारा आयोजित पहले बहुद्देशीय शिविर में विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं, जहां बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

‘महापौर जनता के द्वार’ अभियान के तहत पहला शिविर संजय नगर खेड़ा स्थित बसंती पूजा मैदान में आयोजित किया गया। शिविर में नगर निगम, विद्युत विभाग, जल संस्थान, श्रम विभाग, समाज कल्याण विभाग, जन्म प्रमाण पत्र शाखा और आयुष्मान योजना सहित कई विभागों के अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों पर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ विभिन्न सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

शिविर में सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। स्थानीय नागरिकों ने बिजली, पेयजल, राशन कार्ड, पेंशन और सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। महापौर विकास शर्मा, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने स्वयं मौजूद रहकर लोगों की शिकायतें सुनीं। कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शिविर के दौरान एक व्यक्ति ने अत्यधिक बिजली बिल आने की शिकायत महापौर के समक्ष रखी। इस पर महापौर ने मौके पर मौजूद विद्युत विभाग की टीम को तुरंत शिकायतकर्ता के घर जाकर मीटर की जांच करने और समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।

See also  बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार में उतरेगी उत्तराखंड से बीजेपी कार्यकर्ताओं की 'फौज' ये रहे कुछ नाम..

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने जनता से वादा किया था कि नगर निगम खुद लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करेगा। उसी संकल्प के तहत इस अभियान की शुरुआत की गई है। उन्होंने घोषणा की कि अब प्रत्येक सोमवार को अलग-अलग वार्डों में इसी प्रकार के बहुद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे।

महापौर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल शिकायतों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना भी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रुद्रपुर शहर तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और नगर निगम जनता और सरकार के बीच सेतु की भूमिका निभा रहा है।

नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे ने कहा कि यह अभियान जनभावनाओं का सम्मान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि कई बुजुर्ग, महिलाएं और जरूरतमंद लोग सरकारी कार्यालयों तक नहीं पहुंच पाते, ऐसे में वार्ड स्तर पर लगाए जा रहे शिविर उनके लिए बड़ी राहत साबित होंगे।

इस अवसर पर नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पियूष रंजन, राजू नबियाल, पार्षद पवन राणा, पार्षद चिराग कालरा, राधेश शर्मा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।