सिंह कॉलोनी में 26 लाख के विकास कार्यों का शिलान्यास, महापौर बोले- हर वार्ड तक पहुंचेगा विकास
रुद्रपुर। नगर निगम रुद्रपुर द्वारा वार्ड नंबर 33 सिंह कॉलोनी में विकास कार्यों को गति देते हुए लगभग 26 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी सड़क, नाली निर्माण और स्वर्गीय हरिराज सिंह चौहान स्मृति द्वार का विधिवत शिलान्यास किया गया। महापौर विकास शर्मा ने पार्षद सुशील चौहान के साथ नारियल फोड़कर निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया।


यह निर्माण कार्य हीरा बल्लभ पाण्डेय के घर से सिंह कॉलोनी गली नंबर 3 तक कराया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों में उत्साह देखने को मिला और स्थानीय लोगों ने महापौर विकास शर्मा का फूल मालाओं से स्वागत करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

शिलान्यास कार्यक्रम में महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से नगर निगम रुद्रपुर हर वार्ड के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
महापौर ने कहा कि सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आयुष्मान योजना और अंत्योदय जैसी योजनाएं गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए लाभकारी साबित हो रही हैं।
उन्होंने नगर निगम की भावी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि रुद्रपुर को स्मार्ट और क्लीन सिटी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्य सड़कों के साथ-साथ वार्डों की आंतरिक गलियों का भी विकास किया जाएगा। जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मास्टर ड्रेनेज प्लान पर कार्य चल रहा है। साथ ही शहर को हरा-भरा बनाने के लिए नगर निगम अपनी नर्सरी विकसित कर पौधरोपण अभियान भी चलाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान, पार्षद सुशील चौहान, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, मंडल महामंत्री जितेंद्र संधू, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी विजय तोमर, भाजयुमो जिला अध्यक्ष बिट्टू चौहान समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
