रुद्रपुर। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जनपद मुख्यालय रुद्रपुर से गुरुवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। दिनदहाड़े हुए एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जिसमें 17 वर्षीय किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल किशोर ने हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।

मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप निवासी 17 वर्षीय विक्रांत बागी गुरुवार शाम करीब पांच बजे किसी काम से लालपुर चौकी क्षेत्र के टिब्बा इलाके में गया था। इसी दौरान किच्छा के सैजनी गांव निवासी एक युवक भी वहां पहुंचा। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गई।
तमंचे से मारी गोली, मौके पर मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर आरोपी ने तमंचा निकालकर विक्रांत पर फायर कर दिया। गोली लगते ही विक्रांत गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए।
इलाज के दौरान हुई मौत
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल किशोर को तत्काल जिला अस्पताल रुद्रपुर पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, जहां देर रात करीब 11 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अस्पताल में फूटा गुस्सा
विक्रांत की मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया।
आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि विक्रांत टिब्बा क्षेत्र किस उद्देश्य से गया था और विवाद की वास्तविक वजह क्या थी।
सीओ भूपेंद्र सिंह धोनी ने क्या कहा?
सीओ भूपेंद्र सिंह धोनी ने बताया कि,
“आरोपी युवक की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।”
क्षेत्र में दहशत का माहौल
दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज हत्या के बाद रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
