रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र स्थित कृष्णा विहार कॉलोनी में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 48 वर्षीय कमलेश चंद्र दुबे पुत्र रामदास दुबे, निवासी कृष्णा विहार कॉलोनी, फुलसुंगा, ट्रांजिट कैंप के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम पड़ोसियों को काफी देर तक घर के अंदर कोई गतिविधि दिखाई नहीं दी। संदेह होने पर एक पड़ोसी ने बंद गेट से अंदर झांककर देखा तो कमलेश चंद्र दुबे पेट के बल जमीन पर पड़े हुए दिखाई दिए और उनके शरीर में कोई हरकत नहीं थी।
घटना की सूचना तुरंत परिजनों और पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घर के अंदर जाने का प्रयास किया और बाद में दरवाजे का कुंडा तोड़कर प्रवेश किया। अंदर पहुंचने पर व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला। सूचना पर ट्रांजिट कैंप कोतवाली के उप निरीक्षक महेश कांडपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक के नाक और मुंह से खून निकलता पाया गया, जबकि घुटनों पर चोट के निशान भी मिले हैं। हालांकि कमरे की तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक को शराब पीने की आदत थी, लेकिन मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह का पता चल सकेगा।
उप निरीक्षक महेश कांडपाल ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल परिजनों और स्थानीय लोगों की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं, जिससे इस रहस्यमयी मौत से पर्दा उठ सके।
