रुद्रपुर में तेल मिल व्यापारी के घर हुई करोड़ों की चोरी का पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए भारी मात्रा में सोना, चांदी, नकदी और चोरी में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।

एसएसपी अजय गणपति ने प्रेसवार्ता में बताया कि आवास विकास निवासी तेल मिल व्यापारी राजेन्द्र गोयल 18 अप्रैल को अपने परिवार के साथ रामनगर में एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान 19 अप्रैल की रात चोरों ने बंद पड़े घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के स्वर्ण आभूषण, चांदी और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की। शनिवार रात सूचना मिलने पर पुलिस और एसओजी टीम ने सितारगंज के केशवनगर क्षेत्र में घेराबंदी कर गिरोह के सरगना दीपक गुप्ता उर्फ जगदीश गुप्ता, अकील अहमद और दीपक रस्तोगी उर्फ लड्डू को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 389 ग्राम सोने के आभूषण, 3.417 किलो चांदी, तीन लाख रुपये की नकदी और चोरी में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सरगना दीपक गुप्ता ने पहले क्षेत्र की रेकी की थी। लगातार निगरानी के बाद उसने बंद पड़े घर को चिन्हित कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार अब तक जांच में किसी स्थानीय व्यक्ति की संलिप्तता सामने नहीं आई है।
एसएसपी ने खुलासे में शामिल पुलिस और एसओजी टीम को पांच हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। वहीं पकड़े गए मुख्य आरोपी दीपक गुप्ता पर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में चोरी, गैंगस्टर, हत्या के प्रयास और साजिश जैसे गंभीर मामलों में करीब 18 मुकदमे दर्ज हैं।
