पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर में नाबालिग बच्चियों से छेड़छाड़ का आरोप, POCSO में मुकदमा दर्ज; महिलाओं ने कोतवाली का घेराव

खबरें शेयर करें

रुद्रा न्यूज़ | पंतनगर

गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर परिसर में नाबालिग बच्चियों के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं देर रात पंतनगर कोतवाली पहुंचीं और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी ठेका कर्मी के खिलाफ POCSO अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।

शाम को टहलने निकली थीं बच्चियां

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम कुछ नाबालिग बच्चियां विश्वविद्यालय परिसर में टहलने निकली थीं। आरोप है कि इसी दौरान विश्वविद्यालय में कार्यरत एक ठेका कर्मी दीपक शर्मा ने बच्चियों को अकेला पाकर उनके साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ की। किसी तरह बच्चियां वहां से निकलकर अपने घर पहुंचीं और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

घटना के बाद फूटा लोगों का गुस्सा

घटना की सूचना मिलते ही परिसर और आसपास के क्षेत्रों में आक्रोश फैल गया। देर रात बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय नागरिक पंतनगर कोतवाली पहुंचे और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी तथा कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि विश्वविद्यालय जैसा सुरक्षित माना जाने वाला परिसर भी बेटियों के लिए सुरक्षित नहीं है, तो यह बेहद चिंताजनक स्थिति है।

पुलिस ने दर्ज किया POCSO एक्ट में मुकदमा

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पंतनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी दीपक शर्मा के खिलाफ POCSO अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

See also  गुलदार ने एक ग्रामीण पर किया हमला हुई मौत

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने और बाहरी व संविदा कर्मियों के सत्यापन की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

रुद्रा न्यूज़ अपील:
यह मामला नाबालिगों से जुड़ा और अत्यंत संवेदनशील है। कानून के अनुसार पीड़ितों की पहचान गोपनीय रखना आवश्यक है। रुद्रा न्यूज़ सभी नागरिकों से अपील करता है कि सोशल मीडिया पर किसी भी पीड़ित की पहचान या तस्वीर साझा न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।