केदारनाथ यात्रा मार्ग पर अलग-अलग स्थानों पर कई घटनाएं सामने आई हैं। सोनप्रयाग, गौरीकुंड और लिनचोली क्षेत्र में हादसों के बीच जहां एक यात्री की मौत हो गई, वहीं SDRF टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई लोगों को सुरक्षित बचाया।

Kedarnath यात्रा मार्ग पर लगातार हो रही घटनाओं से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
सोनप्रयाग हनुमान बैरियर के पास एक व्यक्ति खाई में गिर गया। सूचना मिलने पर SDRF टीम उप निरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और करीब 30 से 40 मीटर गहरी खाई से घायल को सुरक्षित बाहर निकालकर सोनप्रयाग अस्पताल पहुंचाया। घायल की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
गौरीकुंड से करीब 2 किलोमीटर ऊपर चिरबासा हेलीपैड के नीचे एक यात्री अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। SDRF टीम ने मौके पर पहुंचकर CPR दिया, जिससे यात्री की जान बच गई। यात्री की पहचान कैलाश शर्मा (45), निवासी कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। बाद में उसे मेडिकल रिलीफ पोस्ट गौरीकुंड भेजा गया।
गरुड़ चट्टी के पास रुद्रा पॉइंट के नीचे एक युवक पहाड़ी पर फंस गया था। SDRF टीम ने जोखिम भरे इलाके में पहुंचकर उसे सुरक्षित रेस्क्यू किया। युवक की पहचान जितेंद्र उर्फ जीतू (24), निवासी राजस्थान के रूप में हुई है।
बड़ी लिनचोली ग्लेशियर क्षेत्र में एक यात्री अचेत अवस्था में मिला। SDRF टीम ने उसे मेडिकल रिलीफ पोस्ट पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान आकाश (42), निवासी नवाबगंज, कानपुर नगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
SDRF की टीम ने सभी घटनाओं में तत्परता दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य किया। प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
