Election Commission of India ने देशभर में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तीसरे चरण का ऐलान कर दिया है। आयोग के इस फैसले के तहत देश के 16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे।

चुनाव आयोग के अनुसार, तीसरे चरण में आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, झारखंड, महाराष्ट्र, मिजोरम, मणिपुर, मेघालय, कर्नाटक, तेलंगाना, सिक्किम, नगालैंड और त्रिपुरा को शामिल किया गया है। वहीं केंद्र शासित प्रदेशों में दिल्ली, चंडीगढ़ और दादरा नगर हवेली एवं दमन-दीव शामिल हैं।
आयोग ने बताया कि जनगणना के तहत चल रही गृह-सूचीकरण प्रक्रिया और साझा जमीनी तंत्र को ध्यान में रखते हुए इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है। विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत करीब 3.94 लाख से अधिक बूथ स्तरीय अधिकारी देशभर में 36.73 करोड़ मतदाताओं के घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगे।

Election Commission of India के मुताबिक, तीसरे चरण के पूरा होने के बाद हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को छोड़कर लगभग पूरा देश इस अभियान के दायरे में आ जाएगा। आयोग ने कहा कि हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में मौसम और बर्फबारी की परिस्थितियों को देखते हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम की घोषणा बाद में की जाएगी।
दिल्ली को भी इस चरण में शामिल किया गया है, जहां 7 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। आयोग का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, सटीक और अद्यतन बनाना है ताकि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और मजबूत बनाया जा सके।
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है, क्योंकि यह प्रक्रिया आगामी चुनावों से पहले बेहद अहम मानी जा रही है।
