तुंगनाथ में बड़ा हादसा : आकाशीय बिजली गिरने से 2 लोग चपेट में, SDRF का रेस्क्यू शुरू

खबरें शेयर करें

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध चंद्रशिला-तुंगनाथ क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर अचानक मौसम ने खतरनाक रूप ले लिया। ऊंचाई वाले इस संवेदनशील धार्मिक क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने की घटना से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वज्रपात की चपेट में आने से दो लोग प्रभावित हुए हैं, जिसके बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र तुरंत सक्रिय हो गया।

जानकारी के मुताबिक जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग को शुक्रवार दोपहर करीब 02:22 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष से आर.टी. सेट के माध्यम से घटना की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए SDRF, DDRF और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को तत्काल अलर्ट कर मौके के लिए रवाना किया गया है। दुर्गम और ऊंचाई वाले क्षेत्र में खराब मौसम के बीच रेस्क्यू अभियान तेजी से संचालित किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि घटना के समय क्षेत्र में अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी। वज्रपात की आवाज से आसपास मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई श्रद्धालु सुरक्षित स्थानों की ओर भागते दिखाई दिए।

प्रभावित दोनों व्यक्तियों की पहचान और उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर फिलहाल जानकारी जुटाई जा रही है। प्रशासन का कहना है कि रेस्क्यू टीमों के मौके पर पहुंचने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

जिला प्रशासन ने यात्रियों और श्रद्धालुओं से खराब मौसम के दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की अपील की है। फिलहाल पूरे क्षेत्र पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त राहत दल भी तैनात किए जा सकते हैं।

See also  उत्तराखंड में दीपावली की रात 66 जगहों पर लगी आग, फायरकर्मियों के छूटे पसीने। ..