रुद्रपुर में गृह मंत्रालय में तैनात BSF इंस्पेक्टर से ₹22.50 लाख की ठगी, विवादित जमीन बेचने का आरोप
प्लॉट खरीद के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा, विक्रेता और प्रॉपर्टी डीलर पर मुकदमा दर्ज
उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। गृह मंत्रालय दिल्ली में तैनात बीएसएफ इंस्पेक्टर ने विक्रेता और प्रॉपर्टी डीलर पर फर्जी तरीके से विवादित जमीन बेचने, धोखाधड़ी करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित अधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उन्होंने ग्राम मटकोटा स्थित एक भूमि खरीदने का सौदा 14 दिसंबर 2024 को किया था। यह सौदा प्रॉपर्टी डीलर गुरमीत सिंह के माध्यम से 22 लाख 50 हजार रुपये में तय हुआ था। सौदे के तहत पहले 50 हजार रुपये फोनपे के जरिए अग्रिम दिए गए, जबकि 28 मार्च 2025 को रजिस्ट्री के दौरान तीन अलग-अलग चेकों के माध्यम से 22 लाख रुपये का भुगतान किया गया।
पीड़ित के अनुसार जमीन की रजिस्ट्री उनके पुत्र के नाम कराई गई और दाखिल-खारिज भी हो गया। लेकिन जब उन्होंने प्लॉट पर बाउंड्री निर्माण शुरू कराया तो भारती मेहता नाम की महिला वहां पहुंचीं और निर्माण कार्य रुकवा दिया। महिला ने दावा किया कि उक्त भूमि की रजिस्ट्री और दाखिल-खारिज पहले से उनके नाम है।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि इसके बाद विक्रेता गुरदयाल सिंह और प्रॉपर्टी डीलर Gurmeet Singh ने उन्हें दूसरा प्लॉट दिखाकर गुमराह करने की कोशिश की। गांव के लोगों और ग्राम प्रधान से जानकारी लेने पर पता चला कि वह जमीन भी विवादित है और किसी अन्य व्यक्ति की है। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी की गई है।
पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उन्हें और उनके परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद से परिवार मानसिक तनाव में है।
रुद्रपुर कोतवाली के एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
