Rudrapur में देर रात घर लौट रहे एक होटल संचालक पर कुछ युवकों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। कॉलोनी गेट पर हंगामा कर रहे युवकों को टोकना होटल संचालक को भारी पड़ गया। आरोप है कि युवकों ने पहले गाली-गलौज की और फिर सीमेंट की पत्थर टाइल सिर पर मारकर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार कैनाल कॉलोनी निवासी कमल चन्द्र जोशी गंगापुर रोड स्थित “निष्ट्रो कैफे” नामक होटल का संचालन करते हैं। उन्होंने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती रात करीब डेढ़ बजे वह होटल बंद कर अपनी कार से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह कैनाल कॉलोनी गेट के पास पहुंचे, वहां कुछ युवक तेज आवाज में हंगामा और शोर-शराबा कर रहे थे।
पीड़ित के मुताबिक कॉलोनी में महिलाएं, बच्चे और परिवार रहते हैं, इसलिए उन्होंने युवकों को शांति बनाए रखने के लिए टोका। आरोप है कि इसी बात पर युवक भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। युवकों ने खुद को रम्पुरा का बदमाश बताते हुए धमकी दी और कहा कि उन्हें टोकने की हिम्मत कैसे हुई।
कमल चन्द्र जोशी का आरोप है कि जब वह वहां से जाने लगे तो एक युवक ने खुद को बदमाश राहुल राठौर का भाई बताया और साथियों से कहा कि “इसे जान से मार डालते हैं।” इसके बाद दो युवक उन पर टूट पड़े और लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित के अनुसार इसी दौरान एक आरोपी ने पास में पड़ी सीमेंट की पत्थर टाइल उठाकर उनके सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गए। आरोपी उन्हें मृत समझकर फरार हो गए।
घटना की सूचना राहगीरों द्वारा पुलिस को दी गई, जिसके बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़ित ने बताया कि गंभीर चोटों और बेहोशी के चलते वह तुरंत शिकायत दर्ज नहीं करा सके। होश में आने के बाद उन्होंने पूरी घटना परिजनों को बताई और पुलिस को तहरीर दी।
तहरीर में पीड़ित ने आरोपियों की पहचान अभिषेक पुत्र रणजू सिंह निवासी रम्पुरा कटोरी मंदिर के पास और अर्जुन पुत्र नन्दू कोली निवासी वार्ड नंबर 23, रम्पुरा के रूप में की है। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के दौरान उनका पर्स, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड, कार की आरसी समेत अन्य जरूरी सामान भी गायब हो गया।
मामले में रुद्रपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह दानू ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
