State Bank of India के करोड़ों ग्राहकों के लिए जरूरी खबर है। आने वाले दिनों में बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित हो सकता है। छुट्टियों, वीकेंड और बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल के चलते कई राज्यों में लगातार कई दिन तक बैंक बंद रहने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में जिन लोगों को बैंक शाखा जाकर जरूरी काम करवाना है, उन्हें पहले से तैयारी करने की सलाह दी गई है।

जानकारी के अनुसार 23 मई को चौथे शनिवार के कारण देशभर में बैंक अवकाश रहेगा, जबकि 24 मई को रविवार होने से शाखाएं बंद रहेंगी। इसके बाद 25 और 26 मई को बैंक कर्मचारियों के संगठन द्वारा प्रस्तावित हड़ताल की वजह से कामकाज ठप पड़ सकता है।
इसके अलावा बकरीद के अवसर पर 27 और 28 मई को भी कई राज्यों में सरकारी छुट्टियां रहेंगी। Reserve Bank of India द्वारा जारी अवकाश सूची के अनुसार कुछ राज्यों में इन दिनों बैंक शाखाएं बंद रह सकती हैं।
इन सेवाओं पर पड़ सकता है असर
लगातार बंदी की स्थिति में बैंक शाखाओं से जुड़े कई काम प्रभावित हो सकते हैं। इसमें कैश जमा करना, चेक क्लियरेंस, पासबुक अपडेट, ड्राफ्ट बनवाना और लोन संबंधी प्रक्रिया शामिल हैं। हालांकि ग्राहकों को राहत देते हुए बैंक प्रबंधन ने कहा है कि डिजिटल सेवाएं पहले की तरह चालू रहेंगी।
ग्राहक YONO SBI, इंटरनेट बैंकिंग, यूपीआई और ATM सेवाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि जरूरी भुगतान और लेनदेन समय रहते निपटा लें ताकि बाद में परेशानी का सामना न करना पड़े।
कर्मचारियों की क्या हैं मांगें?
बताया जा रहा है कि बैंक कर्मचारी संगठन आउटसोर्सिंग नीति का विरोध कर रहे हैं। इसके साथ ही स्थायी भर्ती, वेतन विसंगतियों को दूर करने और कर्मचारियों के लिए बेहतर सुविधाओं की मांग को लेकर भी आंदोलन किया जा रहा है।
